पंजाब के अबोहर में 67 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने अपने बेटे पर मारपीट का आरोप लगाया है। घटना फाजिल्का जिले के दलमीरखेड़ा गांव की बताई जा रही है। घायल महिला को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता का आरोप है कि बेटा लंबे समय से घर और जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा था। इसी विवाद को लेकर परिवार में अक्सर झगड़े होते थे। महिला ने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर घर से निकालने की कोशिश की और विरोध करने पर लाठी से हमला कर दिया। हमले में उनके हाथ पर गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर महिला को बचाया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि बेटा संपत्ति अपने नाम कराने के लिए लगातार दबाव बना रहा था। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Source: Source