महासमुंद पुलिस ने ओडिशा से गांजा सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी गांजा तस्करी के एक मामले में मुख्य सप्लायर के रूप में सामने आया था। मामला 19 मई का है, जब कोमाखान क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान एक बाइक सवार युवक को पकड़ा गया था। उसके बैग से 10.190 किलो गांजा बरामद हुआ था, जिसकी कीमत करीब 5.09 लाख रुपये बताई गई। पूछताछ में आरोपी ने गांजा ओडिशा के पटनागढ़ निवासी दीनबंधु से लेने की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई और साइबर टीम की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए। जांच के आधार पर पुलिस ओडिशा के बलांगीर जिले के पंडागुड़ा पहुंची। वहां से मुख्य आरोपी दीनबंधु कुम्हार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, परिवहन में इस्तेमाल बाइक और मोबाइल फोन जब्त किया है। इस कार्रवाई में अब तक कुल 5 लाख 44 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है और मामले की जांच जारी है।

Source: Source