कनाडा के ब्रैम्पटन, ओंटारियो में करनाल जिले के गांव नरूखेड़ी निवासी 27 वर्षीय रजत की अचानक मौत हो गई। 18 अगस्त की शाम वह अपनी सात महीने की गर्भवती पत्नी अक्षिता के साथ सैर पर निकला था। रास्ते में दोनों ने एक दुकान से नमकीन खरीदी। नमकीन खाने के कुछ देर बाद रजत की तबीयत अचानक बिगड़ गई। आसपास के लोगों की मदद से पत्नी उसे अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, डॉक्टरों ने मौत का कारण हार्ट फेल्योर बताया है। घटना की जानकारी कनाडा में रहने वाली रजत की चचेरी बहन ने परिवार को दी। रजत 2017-18 में पढ़ाई के लिए कनाडा गया था, जहां वह प्लंबर का काम करता था और बाद में स्थायी निवासी बन गया। उसकी शादी 4 जनवरी 2025 को पानीपत निवासी अक्षिता से हुई थी और करीब दो महीने बाद वह पत्नी को कनाडा ले गया था। परिवार के मुताबिक, रजत ने मौत से एक दिन पहले अपनी मां से फोन पर बात भी की थी और सब ठीक बताया था। रजत के भाई के कनाडा पहुंचने के बाद परिवार ने शव भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रजत के माता-पिता भी जल्द कनाडा जाने वाले थे, क्योंकि उनकी बहू सात महीने की गर्भवती है।

Source: Source