कुरुक्षेत्र के शाहाबाद स्थित मीरी-पीरी मेडिकल साइंस एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट में डॉक्टरों और कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो गई है। पिछले चार महीने से वेतन नहीं मिलने के विरोध में कर्मचारी आंदोलन कर रहे थे। 3 जुलाई से काम बंद कर धरने पर बैठे डॉक्टरों और स्टाफ ने अब सेवाएं फिर शुरू कर दी हैं। हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के पूर्व अध्यक्ष बलजीत सिंह दादूवाल ने धरनारत कर्मचारियों से मुलाकात की। उन्होंने कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील की, जिसके बाद हड़ताल खत्म करने की घोषणा की गई। दादूवाल ने दावा किया कि 72 घंटे के भीतर संस्थान का संचालन संभालने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों के वेतन और मरीजों के इलाज में किसी तरह की परेशानी नहीं आने देने का भरोसा दिया। अस्पताल में अधूरे निर्माण कार्यों को दोबारा शुरू कराने की बात भी कही गई। दादूवाल ने दवाइयों की कीमतों को लेकर मिल रही शिकायतों पर सुधार का आश्वासन दिया। अस्पताल की ओपीडी सेवाएं दोबारा शुरू होने से मरीजों को राहत मिली है।

Source: Source