जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सक्ती जिले के 21 वर्षीय दीपक रात्रे के रूप में हुई है। शुक्रवार रात हुए हमले के बाद उनके पैतृक गांव बुंदेली और ननिहाल हरदीडीह में शोक का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और स्थानीय लोगों में दुख फैल गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने युवक की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिया है। हमले में एक अन्य श्रमिक भी घायल हुआ है। घायल श्रमिक का स्थानीय अस्पताल में इलाज जारी है। सुरक्षा एजेंसियां घटना की जांच कर रही हैं। आतंकी हमले के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इस घटना से छत्तीसगढ़ के लोगों में भी आक्रोश और दुख का माहौल है। प्रशासन पीड़ित परिवार के संपर्क में है।

Source: Source