हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में जल शक्ति विभाग के जेई लाभ सिंह गुलेरिया हत्याकांड में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने मामले की जांच के लिए सात सदस्यीय एसआईटी गठित की थी। जांच में मोबाइल कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक साक्ष्यों की मदद ली गई। पुलिस के अनुसार जेई को पाइप लाइन जांच के बहाने एक घर बुलाया गया था। वहां कथित अवैध संबंधों के शक को लेकर विवाद हुआ और मारपीट की गई। आरोप है कि घायल जेई को बाद में नाले में फेंक दिया गया। पुलिस ने सीसीटीवी डीवीआर से छेड़छाड़ की आशंका की भी जांच शुरू की है। घटना के बाद जेई गंभीर हालत में मिले थे और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ रही है।

Source: Source