कोरबा जिले के विद्यार्थियों को JEE और NEET की तैयारी के लिए रायपुर के एलन इंस्टीट्यूट भेजा गया था, लेकिन फीस का पूरा भुगतान नहीं होने से उनकी पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। फीस जमा नहीं होने पर संस्थान ने बच्चों को पढ़ाने से मना कर दिया, जिसके बाद गुरुवार को अभिभावक बच्चों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन के सामने अपनी समस्या रखी। 26 मई 2025 को कोरबा कलेक्ट्रेट से मेधावी विद्यार्थियों को रायपुर के एलन इंस्टीट्यूट भेजा गया था और उनकी कोचिंग फीस जिला खनिज न्यास यानी DMF फंड से दी जानी थी। अभिभावकों का आरोप है कि फीस समय पर जमा नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई है और उन्होंने कहा कि पूरी बकाया फीस जमा होने तक वे बच्चों को एलन रायपुर नहीं भेजेंगे। उन्होंने प्रशासन से तुरंत दखल देने की मांग की और मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तथा चक्काजाम की चेतावनी दी। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि एलन को अब तक 2 लाख रुपए जमा कराए गए हैं और बाकी राशि जल्द जमा करा दी जाएगी।

Source: Source