कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पोड़ीबहार में सोमवार-मंगलवार की रात अज्ञात लोगों ने घर के बाहर खड़ी नई थार गाड़ी में आग लगा दी। घटना शारदा विद्या निकेतन स्कूल के पास रात करीब 12 से 1 बजे के बीच हुई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धू कर जल उठा। सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने डायल 112 और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। गाड़ी के मालिक आदित्य कुमार को इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि आग आसपास के घरों तक नहीं फैली, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं जैसे रंजिश या शरारत को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में रात की गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Source: Source