कोरबा के सीएसईबी चौकी क्षेत्र स्थित कोहड़िया में 10 मई को सड़क किनारे मिली खून से सनी लाश के मामले में आत्महत्या का खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि बसंत पटेल ने टूटी बीयर बोतल के धारदार कांच से खुद पर हमला किया था। डॉक्टरों और फोरेंसिक टीम ने चोटों की जांच के बाद पुष्टि की कि सभी घाव स्वयं पहुंचाए गए थे। बसंत पटेल मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और उनका इलाज चल रहा था। घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, लेकिन किसी संदिग्ध व्यक्ति की मौजूदगी नहीं मिली। बसंत पटेल मूल रूप से मस्तूरी के सोनसरी गांव के निवासी थे और इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में काम करते थे। उनके दो बच्चे हैं और वे शादीशुदा थे। घटना से दो दिन पहले ही वे अपने छोटे भाई की शादी में शामिल होकर गांव से कोरबा लौटे थे।

: Source