हरियाणा के करनाल से खाटू श्याम दर्शन के लिए निकले एक परिवार का सफर दर्दनाक सड़क हादसे में बदल गया। परिवार बेटे का रिश्ता तय होने की खुशी में यात्रा पर निकला था। सुबह करीब 4:30 बजे सभी लोग कार से रवाना हुए थे। जुलाना के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 152-डी पर कुत्ते को बचाने के बाद कार सड़क किनारे रुकी हुई थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने कार और लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों में परिवार के करीबी सदस्य शामिल हैं, जिससे दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी चालक की तलाश जारी है। परिवारों में पहले से चल रही शादी की तैयारियां अब शोक में बदल गई हैं। कई सदस्य विदेश से वापस भारत आ रहे हैं। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।

Source: Source