सोनीपत जिले के गन्नौर में गुरुवार को आयोजित समाधान शिविर के दौरान एसडीएम प्रवेश कादियान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाली सभी शिकायतों का निदान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और अधिकारी लंबित मामलों का भी आपसी समन्वय तथा समयबद्ध तरीके से निवारण सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार की इस जनहितकारी पहल से आमजन को एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं का समाधान मिल रहा है। शिविर के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें रामपुरा गन्नौर मंडी निवासी सुदेशबाला ने परिवार पहचान पत्र में आय संबंधी त्रुटि ठीक कराने का अनुरोध किया, जबकि गांव बड़ी निवासी संतोष ने पंचायती भूमि पर अवैध कब्जे और अभद्र व्यवहार की शिकायत दर्ज कराई। इसके अतिरिक्त परिवार पहचान पत्र में आय संशोधन, वृद्धावस्था सम्मान भत्ता पेंशन और आधार कार्ड अपडेट से जुड़ी कई शिकायतें सामने आईं, जिन पर एसडीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि जिन शिकायतों का समाधान मौके पर संभव नहीं हो पाता, उन्हें भी निर्धारित समय सीमा के भीतर हल करने का पूरा प्रयास किया जाता है, ताकि लोगों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

Source: Source