गुरुग्राम के सेक्टर-67 स्थित श्री वर्धमान मंत्रा सोसाइटी में स्ट्रीट डॉग्स को खाना खिलाने को लेकर विवाद हिंसक हो गया। सोसाइटी के दो पक्षों के बीच जमकर कहासुनी और मारपीट हुई। इस दौरान कुछ महिलाओं के साथ भी हाथापाई की गई। आरोप है कि डॉग फीडर महिलाओं के बाल खींचकर उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट होती दिखाई दे रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों की शिकायतें लीं। डॉग फीडर रोज सूद ने आरोप लगाया कि उन्हें कुत्तों को खाना खिलाने से रोकने के लिए लगातार परेशान किया जाता है। उनके मुताबिक घटना के समय उन्हें और एक अन्य डॉग फीडर अंकिता को घेरकर पीटा गया। दूसरी ओर, सोसाइटी के निवासी सुनील राजपूत ने डॉग फीडर्स पर नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। उनका दावा है कि फ्लैटों और मुख्य गेट के पास कुत्तों को खाना खिलाने से बच्चों और बुजुर्गों को खतरा रहता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि डॉग फीडर्स पहले बाउंसर बुलाकर सोसाइटी के लोगों को धमका चुकी हैं। सेक्टर-65 थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों और वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से मारपीट की शुरुआत और इसमें शामिल लोगों की पहचान कर रही है।

Source: Source