चंडीगढ़ में भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष मोहित और आम आदमी पार्टी पार्षद जसवीर लाडी के बीच झड़प का मामला सामने आया है। मोहित ने आरोप लगाया कि लाडी ने उनके हाथ से भाजपा का झंडा छीनकर जमीन पर फेंक दिया। उन्होंने पार्षद पर कॉलर पकड़कर घसीटने और हाथापाई करने का भी आरोप लगाया। मोहित के मुताबिक, घटना के दौरान उनके साथ गाली-गलौज भी की गई। उनका कहना है कि वह रविवार शाम एक ब्लड कैंप में शामिल होने जा रहे थे। घटना का वीडियो उनके दोस्तों ने बनाया, जिसे पुलिस को उपलब्ध कराया गया है। मोहित ने दावा किया कि वीडियो में उनके या उनके साथियों की ओर से मारपीट दिखाई नहीं देती। उन्होंने अपनी मां के साथ भी कथित तौर पर हाथापाई किए जाने का आरोप लगाया है। मोहित ने पुलिस से वीडियो के आधार पर जांच और कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने दावा किया कि मंडल अध्यक्ष बनने के बाद से पार्षद उनसे नाराज चल रहे हैं। वहीं, जसवीर लाडी ने मोहित के आरोपों को खारिज किया है। लाडी का दावा है कि पहले मोहित और उनके साथियों ने उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज शुरू की थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने इसके बाद जवाब में मारपीट की और विवाद की शुरुआत की निष्पक्ष जांच जरूरी है।

Source: Source