दीपावली से करीब एक सप्ताह पहले चारामा के सदर बाजार स्थित भंसाली ज्वेलर्स में दिनदहाड़े उठाईगिरी की घटना सामने आई है। सोना खरीदने के बहाने दुकान में पहुंचे हेलमेट पहने युवक ने संचालक को बातों में उलझाया और मौका पाकर करीब 40 ग्राम सोने के जेवर और अन्य सामान लेकर फरार हो गया। चोरी हुए सोने की कीमत 7 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी बाइक से भाग निकला और घटना की सूचना मिलने पर चारामा पुलिस जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे की है, जब हेलमेट पहने एक युवक सोना खरीदने के बहाने दुकान में पहुंचा और दुकान संचालक से सोने के गहने दिखाने को कहा तथा बातचीत में उसे उलझाए रहा। इसी बीच मौका पाकर युवक सोने के सिक्के और सोने के बिस्किट के टुकड़े लेकर फरार हो गया, जिसके कुछ देर बाद दुकान में सोने के सामान की जांच करने पर चोरी का पता चला। बताया जा रहा है कि दुकान के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में हेलमेट पहने युवक की गतिविधियां कैद हुई हैं और पुलिस फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने में जुटी है। दुकान संचालक ऋषभ भंसाली ने बताया कि आरोपी लॉकेट खरीदने के बहाने दुकान पर आया था और उसके पिता ने उसे कई तरह का सामान दिखाया, लेकिन आरोपी ने पसंद नहीं आने की बात कही तथा सोने के बिस्किट या फाइन गोल्ड दिखाने को कहा, जिस पर उनके पिता ने उसे करीब 42 से 45 ग्राम का फाइन गोल्ड दिखाया और इसी दौरान आरोपी उन्हें बातों में उलझाकर सोना लेकर चला गया। उसके जाने के करीब 5 से 7 मिनट बाद जब सोने की जांच की गई, तब उसके गायब होने का पता चला, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुकान में जांच भी की। दीपावली के मद्देनजर बाजार में व्यापारियों की दुकानें खरीदारी और बिक्री की तैयारी में जुटी हैं, ऐसे समय में सदर बाजार की ज्वेलरी दुकान में दिनदहाड़े हुई इस उठाईगिरी से व्यापारियों में चिंता का माहौल है।

Source: Source