अमृतसर के कोट खालसा में हुए चर्चित नितिन उर्फ चीकू हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के 14 दिन बाद मुख्य आरोपी को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई की रात नितिन अपनी बहन से मिलने कोट खालसा गया था। वापस लौटते समय बाइक सवार नितिन पर स्कूटी सवार दो हमलावरों ने गोलियां चला दी थीं। हमले में उसकी मौत हो गई थी। मृतक के पिता की शिकायत पर थाना इस्लामाबाद में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी महकप्रीत सिंह को पकड़ा। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को हत्या की वजह बताया जा रहा है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Source: Source