छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा के तीन अधिकारियों को जल्द IAS में पदोन्नति मिल सकती है। IAS अवार्ड के लिए अधिकारियों के नामों पर विचार करने के लिए दिल्ली में DPC की बैठक प्रस्तावित है। बैठक में अधिकारियों की पात्रता और सेवा रिकॉर्ड की समीक्षा की जाएगी। छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकास शील और GAD के प्रभारी सचिव मुकेश बंसल बैठक में शामिल होंगे। DPC की अध्यक्षता UPSC चेयरमैन डॉ. अजय कुमार करेंगे। इस प्रक्रिया में राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को IAS कैडर में शामिल करने पर विचार होगा। अभिषेक अग्रवाल, सचिन भूतड़ा और राजीव पांडे के नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं। इस वर्ष राज्य प्रशासनिक सेवा से IAS में पदोन्नति के लिए पांच पद खाली बताए जा रहे हैं। दो अधिकारियों से जुड़े अन्य मामलों के कारण उनके चयन की संभावना कम बताई जा रही है। ऐसे में तीन अधिकारियों के नाम पर सहमति बनने की उम्मीद जताई जा रही है। पिछले साल 2013 बैच के तीन अधिकारियों को IAS अवार्ड मिला था। इनमें सुमित अग्रवाल, संदीप अग्रवाल और आशीष टिकरिया शामिल थे। DPC की समीक्षा के बाद चयनित अधिकारियों के नाम पर अंतिम निर्णय की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। केंद्र से औपचारिक आदेश जारी होने के बाद चयनित अधिकारी IAS कैडर में शामिल किए जाएंगे।

Source: Source