जालंधर में सफाई सेवकों की पांच दिन से जारी हड़ताल के कारण शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए हैं। सफाई कर्मचारी सरकार से बैठक और नियमित किए जाने की मांग को लेकर कचरा उठाने का काम बंद किए हुए हैं। जालंधर कैंट से कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने अर्बन एस्टेट फेज-2 में सफाई व्यवस्था को लेकर विरोध जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन जमीन पर काम नजर नहीं आता। परगट सिंह ने कहा कि बरनाला के बाद जालंधर में भी कचरे की ऐसी ही स्थिति बन गई है। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों पर बातचीत करने के बजाय सरकार पर जनता और कर्मचारियों को आमने-सामने करने का आरोप लगाया। मॉडल टाउन, अर्बन एस्टेट और कई प्रमुख सड़कों पर कचरे के ढेर दिखाई दे रहे हैं। बारिश के बाद कचरे से गंदा पानी सड़कों पर फैल गया और दुर्गंध भी बढ़ गई। कई जगह कचरा सड़क के बीच तक फैलने से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। पुराने बाजारों में भी कचरे के कारण लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है। श्रीराम चौक से लव कुश चौक के रास्ते पर कचरे से फिसलकर एक दोपहिया चालक के घायल होने की बात सामने आई है। परगट सिंह ने कहा कि शहर में सफाई के साथ कई अन्य विभागों के कर्मचारी भी धरने पर हैं। नेताओं और पार्षदों ने डीसी कार्यालय की दिशा बैठक में सफाई संकट का मुद्दा उठाने का फैसला किया है।

Source: Source