जालंधर के करतारपुर में नशा तस्करों ने एक कारपेंटर युवक को घेरकर लूटपाट की। विरोध करने और पुलिस शिकायत दर्ज कराने पर आरोपियों ने पीड़ित के घर पर हमला बोल दिया। नशा तस्करों ने 40-50 से ज्यादा युवकों को इकट्ठा कर घर पर ईंट-पत्थर और कृपाणों से हमला किया, जिससे घर की छत तक गिर गई। पीड़ित युवक परवीन ने बताया कि 16 तारीख को दोपहर 3:30 बजे वह अपने चाचा के साथ प्लाइवुड खरीदने जा रहा था। करतारपुर बस स्टैंड पर मोहल्ले के नशा करने वाले युवक अखिल, हरपाल, राजेश और उनके साथियों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने जबरन पैसे मांगे, मना करने पर मारपीट की और जेब से 15,000 रुपये व सोने की चैन छीन ली। पीड़ित थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचा, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई के बजाय केवल लिखित आवेदन देकर वापस भेज दिया। शिकायत की भनक लगते ही सरगना ‘गोला’ ने दर्जनों लड़कों को बुलाकर पीड़ित के घर पर हमला कराया। बदमाशों ने अंधाधुंध ईंटें और कृपाणें चलाईं, एक ईंट पीड़ित की पत्नी को लगी। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, फुटेज पुलिस को सौंपी गई। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को पकड़ा, लेकिन बिना कार्रवाई छोड़ दिया। 29 तारीख को बदमाशों ने दोबारा हमला किया और पीड़ित के चाचा जसवींदर को अगवा कर बेरहमी से पीटा। हमले में चाचा की बांह टूट गई और एक आंख की रोशनी चली गई। पीड़ित परिवार ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है।

Source: Source