हरियाणा के जींद में DSL अकेडमी के डायरेक्टर दीपक लाठर और प्राचार्या प्रिया को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों पर 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले 16 वर्षीय नाबालिग छात्र की पिटाई करने के आरोप हैं। गुरुग्राम निवासी छात्र की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला के अनुसार, उनका बड़ा बेटा पिछले चार वर्षों से अकेडमी में पढ़ रहा है, जबकि छोटे बेटे का दाखिला इसी साल सातवीं कक्षा में कराया गया था। शिकायत के मुताबिक, 7 अक्टूबर को एक निजी अस्पताल से उन्हें बेटे के कान का पर्दा फटने की जानकारी मिली। छात्र ने मां को बताया कि अकेडमी के डायरेक्टर ने उसे 12 थप्पड़ मारे और मुर्गा बनाकर 15 बार कोहनी से वार किया। आरोप है कि छात्र ने जब प्राचार्या प्रिया से दर्द की शिकायत की, तो उन्होंने भी उसे थप्पड़ मारकर कक्षा में भेज दिया। महिला का दावा है कि पिटाई के कारण ही उनके बेटे के कान का पर्दा फट गया। 8 अक्टूबर को जींद पहुंचने पर उन्होंने डायरेक्टर और प्राचार्या से पिटाई का कारण पूछा, लेकिन आरोप है कि दोनों ने छात्र की गलती बतानी शुरू कर दी। महिला के अनुसार, शिकायत करने पर उन्हें धमकाया गया और डायल 112 की टीम के पहुंचने के बाद भी धमकी देने का सिलसिला जारी रहा। पुलिस टीम की सलाह पर महिला ने अस्पताल में मेडिकल लीगल रिपोर्ट (एमएलआर) बनवाई और रोहतक रोड चौकी में शिकायत दी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि दीपक ने अपने साथियों को चौकी में बुलाकर उन्हें धमकाने की कोशिश की। शिकायत के बाद पुलिस ने 19 अक्टूबर को मामला दर्ज किया और अब दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Source: Source