जींद रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह स्टेशन मास्टर के कार्यालय के बाहर एक व्यक्ति का शव मिला, जिससे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। सफाई कर्मियों ने सुबह सफाई करते हुए दीवार के साथ बैठे व्यक्ति को देखा। कोई हलचल न होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जीआरपी मौके पर पहुंची और जांच में व्यक्ति को मृत पाया। मृतक की उम्र करीब 48 साल बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्टअटैक माना जा रहा है। मृतक के पास कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे पहचान नहीं हो पाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। जांच अधिकारी कपिल सहारण ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के सही कारण का पता चलेगा।

Source: Source