झज्जर शहर के पुराना बस स्टैंड रोड स्थित अमन मैडिकोज में चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने दुकान का शटर उखाड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद आरोपियों ने गल्ला उखाड़ लिया और उसमें रखी करीब 6 हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। वारदात के बाद उखड़ा हुआ गल्ला दुकान के शटर के पास पड़ा मिला। दुकानदार को फोन के जरिए दुकान में चोरी होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर उसने शटर टूटा और दुकान का सामान बिखरा हुआ पाया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। फिलहाल आरोपियों का कोई ठोस सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है। घटना के बाद पुराना बस स्टैंड रोड के दुकानदारों में नाराजगी है। दुकानदारों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और राइडर तैनात करने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि सर्दियों के दौरान चोरी की घटनाएं बढ़ने की आशंका रहती है। इसी बीच सिलारी गेट इलाके में भी एक दुकान में चोरी की सूचना सामने आई है। लगातार चोरी की घटनाओं से शहर के व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है।

Source: Source