पंजाब के तरनतारन में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीआईए स्टाफ की टीम ने आरोपियों के पास से 3 किलो 116 ग्राम हेरोइन बरामद की है। जब्त हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, दो मोबाइल फोन और बिना रजिस्ट्रेशन वाली मोटरसाइकिल भी बरामद की है। यह कार्रवाई गांव बासरके की दाना मंडी में लगाए गए चेक पोस्ट के दौरान की गई। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बाइक सवार दो संदिग्धों को रोका और उन्हें हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगदीप सिंह और आकाश दीप सिंह के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ खालड़ा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि तस्करी के नेटवर्क और हथियारों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या आरोपियों के संबंध सीमा पार तस्करों से थे। पुलिस को पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

Source: Source