छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के अछोटी गांव में बुधवार रात एक मकान में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना अंडा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। मकान से तेज लपटें और धुआं निकलता देख ग्रामीणों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की दो दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब चार घंटे 30 मिनट तक लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई और कोई घायल भी नहीं हुआ। दमकल टीम ने समय रहते आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया। अग्निशमन अधिकारियों के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि टीम की सतर्कता से बड़ी घटना टल गई।

Source: Source