छत्तीसगढ़ के दुर्ग में 55 वर्षीय महिला की हत्या मामले की जांच पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे बढ़ा रही है। जांच में पुलिस को दो संदिग्ध युवक अलग-अलग जगहों पर महिला के साथ दिखाई दिए हैं। पुलिस अब दोनों युवकों की पहचान करने में जुटी है। संदिग्धों की तलाश दुर्ग शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में की जा रही है। शुरुआती जांच में महिला की हत्या सिर पर पत्थर से वार कर किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने दुष्कर्म की आशंका भी जताई है, जिसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट के बाद होगी। पुलिस ने कई स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और ऑटो स्टैंड के आसपास के फुटेज की भी जांच की गई है। महिला का शव पुलगांव क्षेत्र में झाड़ियों के पास मिला था। जांच में क्राइम ब्रांच, एफएसएल और डॉग स्क्वाड की टीमें भी शामिल हैं। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Source: Source