केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर एक बड़ा और अनोखा विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए, जिनमें अधिकांश छात्र और युवा प्रोफेशनल्स थे। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षाओं में हो रही गड़बड़ियों के विरोध में कॉकरोच के मुखौटे पहन रखे थे और हाथों में फूल लिए हुए थे। आंदोलन में स्कूली बच्चे भी अपने माता-पिता के साथ शामिल होने के लिए धरना स्थल पर पहुंचे थे। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और देश की बड़ी परीक्षाओं में सुधार की मांग की। छात्रों का मुख्य गुस्सा नीट (NEET), सीबीएसई (CBSE), सीयूईटी (CUET) और एसएससी (SSC) जैसी प्रमुख परीक्षाओं में विसंगतियों को लेकर था। इस विरोध प्रदर्शन के जरिए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और जवाबदेही तय करने की पुरजोर अपील की गई। सोशल मीडिया पर भी इस अनोखे प्रदर्शन और ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के बैनर तले हुए आयोजन की खासी चर्चा हो रही है। छात्रों ने साफ किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस फैसला नहीं होता, उनका संघर्ष जारी रहेगा। फिलहाल इस बड़े प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है।

Source: Source