केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान शुक्रवार को कुरुक्षेत्र दौरे पर पहुंचे। उनका दौरा धार्मिक, शैक्षणिक और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़ा रहा। उन्होंने सबसे पहले गीता निकेतन आवासीय विद्यालय में RSS पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। यह बैठक करीब छह घंटे तक चली और इसे बंद कमरे में आयोजित किया गया। बैठक से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई। इसके बाद धर्मेंद्र प्रधान ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) कुरुक्षेत्र का दौरा किया। वहां उन्होंने संस्थान के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में NIT के प्रशासनिक मुद्दों और हालिया घटनाक्रमों पर चर्चा होने की संभावना जताई गई। संस्थान से जुड़े विवादों और अन्य मामलों को लेकर यह समीक्षा महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दौरे के अंत में केंद्रीय मंत्री श्री भद्रकाली मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने उनके आगमन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं।

Source: Source