राजनांदगांव में स्थानीय स्तर पर धान खरीदी में गड़बड़ी करने वाले जिले के 75 डाटा एंट्री ऑपरेटरों को हटा दिया गया है और उन्हें इस बार नई समितियों में भेजा गया है। ये ऐसे ऑपरेटर हैं, जहां से सूखत की ज्यादा शिकायतें आई थीं और इस बार प्रशासन ने सख्त रवैया अपनाते हुए सीधे इनका तबादला दूसरी समितियों में कर दिया है, ताकि इस सीजन में सूखत की मात्रा में बढ़ोतरी न हो और गड़बड़ी रोकी जा सके। इस खरीफ सीजन में 26 नई समितियां बनाई गई हैं, जहां नए ऑपरेटरों को तैनात किया जा रहा है, वहीं 17 ऐसी समितियां हैं जहां सूखत की मात्रा लगभग शून्य थी और ऐसे ऑपरेटरों को नहीं हटाया गया। इस बार जिले में 122 समितियों के माध्यम से धान की खरीदी की जाएगी। पिछले सत्र में सूखत को लेकर काफी बड़ी मात्रा में शिकायतें मिली थीं और लगभग 61 हजार क्विंटल धान की मात्रा सूखत में बताई गई थी, जिसका मूल्य करीब 19 करोड़ रुपए बताया गया था। जिला खाद्य अधिकारी रविंद्र सोनी के मुताबिक गड़बड़ी रोकने के लिए कलेक्टर के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी और इस बार 70 लाख 95 हजार 330 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है।

Source: Source