रायपुर से यात्रियों को लेकर जा रही बोलेरो महाराष्ट्र के भंडारा में हादसे का शिकार हो गई। बोलेरो सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर हुई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना का मंजर देखकर स्थानीय लोग भी दहल उठे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मृतकों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिए हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Source: Source