नारनौल के सदर बाजार में चोर ने दो दुकानों के एसी के तांबे के तार चोरी कर लिए। चोर ने एक डेंटल क्लीनिक और एक मेडिकल स्टोर को निशाना बनाया। दोनों दुकानदारों को चोरी की जानकारी सुबह हुई। वारदात रविवार रात की बताई जा रही है। घटना शहर के आजाद चौक के पास सदर बाजार में हुई। सीसीटीवी फुटेज में मुंह पर कपड़ा बांधे एक युवक दिखाई दे रहा है। युवक ने तारों तक पहुंचने के लिए एक रेहड़ी का इस्तेमाल किया। इसके बाद वह रेहड़ी पर चढ़कर काउंटर तक पहुंचा और एसी की वायर काट दी। तार काटने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। डेंटल क्लीनिक संचालक ने बताया कि इलाके में पहले भी चोरी हो चुकी है। दुकानदारों ने पुलिस में शिकायत देने की तैयारी शुरू कर दी है। करीब एक महीने पहले भी दो अन्य दुकानों के एसी की पिछली यूनिट से तांबे के तार चोरी हुए थे।

Source: Source