नारायणपुर जिले में सुशासन एक्सप्रेस के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का अभियान तेजी से चल रहा है। जिला प्रशासन ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रमाण पत्र, कार्ड एवं शासकीय सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। 25 मई तक कुल 27,712 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 18,431 का निराकरण हो चुका है, जबकि 9,281 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं। शिविरों में आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, आधार कार्ड, पेंशन, बैंक खाता, किसान कार्ड, जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र जैसी सेवाएं दी जा रही हैं। अब तक 10,682 आधार एमबीयू, 4,068 आयुष्मान कार्ड, 3,795 निर्वाचन फॉर्म-6, 2,601 आधार कार्ड और 1,524 स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्य पूरे किए गए हैं। राशन कार्ड से संबंधित 737, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के 816, बैंक खाते के 818 तथा पीएम सम्मान निधि के 282 प्रकरणों का निराकरण हुआ है। किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, ऋण पुस्तिका, कृषि यंत्र, पीएम किसान योजना और ई-केवाईसी की सुविधा भी शिविरों में उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन ने आदनार, बम्हनी, कुतुल, गुदाड़ी, आमासरा, नेलवाड़, पोचावाड़ा, ओरछा, मालिंगनार, बागबेड़ा, धुरबेड़ा, कोलियारी, कच्चापाल, बड़ेजम्हरी, घमंडी सहित कई गांवों में शिविर आयोजित किए हैं। इस पहल से ग्रामीणों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। लोगों का विश्वास बढ़ा है कि शासन की योजनाएं अब उनके दरवाजे तक पहुंच रही हैं।

Source: Source