नूंह जिले के पुन्हाना के ट्रक मार्केट में सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। हादसे में महिला का पति और करीब दो साल का बच्चा घायल हो गया। मृतका की पहचान गांव नई निवासी 30 वर्षीय राहिला के रूप में हुई है। राहिला अपने पति मोहब्बत और बच्चे के साथ किसी काम से पुन्हाना आई थी। ट्रक मार्केट में परिवार सड़क किनारे खड़ा होकर राहिला की सास से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि राहिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है। राहिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए अल आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा भेजा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Source: Source