नूंह जिले में 4.15 करोड़ रुपए की हेरोइन बरामदगी के मामले में अपराध अनुसंधान शाखा (सीआईए) तावडू ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीम उर्फ काला निवासी नानुका के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लेने की मांग की है। इस मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान पूछताछ कर नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और तस्करी नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 19 सितंबर को सीआईए तावडू की टीम ने रंगाला घाटी के पास कार्रवाई करते हुए एक काली क्रेटा गाड़ी से 2 किलो 125 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। पुलिस ने बरामद हेरोइन की कीमत करीब 4.15 करोड़ रुपए बताई थी। इस दौरान पुलिस ने अरबाज निवासी नानुका और सलीम निवासी खेड़ी को गिरफ्तार किया था। मामले की जांच आगे बढ़ने पर जाहिद निवासी पडली को भी गिरफ्तार किया गया। अब 23 अक्टूबर को समीम उर्फ काला की गिरफ्तारी के साथ इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या चार हो गई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान समीम उर्फ काला ने एक कथित नशा तस्कर से 100 ग्राम हेरोइन खरीदने की बात बताई है। पुलिस अब आरोपी की निशानदेही पर उक्त हेरोइन बरामद करने और संबंधित नशा तस्कर तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा आरोपी से नशीले पदार्थ की खरीद-फरोख्त, सप्लाई के संपर्कों और तस्करी से जुड़े अन्य संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान विदेशी नागरिकों की भूमिका से जुड़े तथ्य भी सामने आने की बात कही गई है। हालांकि, उनकी भूमिका और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस को आशंका है कि हेरोइन की सप्लाई और वितरण के नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच लगातार आगे बढ़ाई जा रही है और आगामी जांच के दौरान चार से पांच अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी संभव है।

Source: Source