पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) को वोट चोरी के मुद्दे पर घेरने की रणनीति बनाई है। पार्टी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के जरिए गांवों, वार्डों और मोहल्लों तक पहुंचेगी। इसके तहत हर मतदान केंद्र पर ‘वोट रक्षक’ तैनात किए जाएंगे, जो मतदाता सूची पर नजर रखने और मतदाताओं की पहचान करने का काम करेंगे। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए राज्य के जिलों को छह जोन में बांटा है। प्रत्येक जोन में एक केंद्रीय और एक प्रदेश स्तरीय ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। हरदीप सिंह किंगरा को अभियान की निगरानी के लिए मुख्य समन्वयक बनाया गया है। कांग्रेस का यह अभियान 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलेगा, जिसके दौरान घर-घर संपर्क और चौपालों के माध्यम से लोगों तक पहुंच बनाई जाएगी। बूथ स्तर पर तैनात वोट रक्षक मतदाताओं से जुड़ी शिकायतें दर्ज करेंगे। पार्टी कार्यकर्ता 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की रैली में भी शामिल होंगे। इसके अलावा, संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को छह राज्यों से दिल्ली चलो यात्राएं निकालकर बड़े प्रदर्शन की योजना बनाई गई है। कांग्रेस पंजाब से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को इस प्रदर्शन में शामिल कराने की तैयारी कर रही है। अभियान के तहत जिला कांग्रेस समितियों, ब्लॉक अध्यक्षों और अन्य संगठनों को केंद्रीय तथा प्रदेश ऑब्जर्वर्स के साथ समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं। पार्टी का उद्देश्य अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाना और मतदाता सूची से संबंधित मुद्दों पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। Source: Source Post navigation चुनाव आयोग की सफाई और सुधार पर सियासी घमासान तेज, विपक्ष ने उठाए सवाल; क्या लोकतंत्र का रखवाला अपनी ही साख के संकट में फंसा? केरल वक्फ बोर्ड के पुनर्गठन पर विवाद, एपी कंथापुरम गुट ने सरकार पर लगाए साजिश के आरोप