पटियाला पुलिस ने ऑटो रिक्शा में सवारियां बैठाकर लूटपाट करने वाले एक गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से लूटा गया मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल ऑटो रिक्शा और एक किरच बरामद की है। यह कार्रवाई एसएसपी वरुण शर्मा और एसपी हरबंस सिंह बैंस के निर्देश पर लूटपाट की घटनाओं को रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। डीएसपी सिटी रूरल रणवीर सिंह ने बताया कि 18 मई 2026 को थाना सदर पटियाला में एक मामला (मुकदमा नंबर 97) दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया था कि 17 मई की रात करीब 9:10 बजे वह राजपुरा से ऑटो रिक्शा में पटियाला आ रहा था। सुनसान रास्ते पर छीना मोबाइल रास्ते में आरोपियों ने उसे सुनसान जगह पर ले जाकर उसका मोबाइल फोन, लगभग 20 हजार रुपये नकद और गले में पहनी चेन लूट ली। मामले की जांच के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित कीं। गहन छानबीन के बाद 23 मई 2026 को आरोपी आकाश कुमार उर्फ गौरव (पुत्र सुरजीत कुमार, निवासी राम नगर बारादरी) और संजय कुमार उर्फ सोनू (पुत्र मुरारी लाल, निवासी राम नगर बारादरी) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल ऑटो रिक्शा, लूटा गया मोबाइल फोन और एक किरच बरामद की है। पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड मांगेगी, ताकि उनसे अन्य लूटपाट की घटनाओं के बारे में भी पूछताछ की जा सके।

Source: Source