पठानकोट में पुरानी दुकानों के मालिकाना हक को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच सरिए, लोहे की रॉड और तेजधार हथियारों से हमला होने का आरोप है। घटना में एक ही परिवार के कई लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल महिला लवली और उनकी बेटी प्रियंका ने अस्पताल में घटना की जानकारी दी। उनके अनुसार विवाद करीब 100 साल पुरानी दुकानों के स्वामित्व को लेकर चल रहा है। प्रियंका का आरोप है कि विशाल समेत 20-25 लोग दुकान में तोड़फोड़ कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। हमले में लवली के सिर, हाथ और उंगलियों में गंभीर चोटें आई हैं। उनके पति, बेटे और भाई के भी घायल होने की जानकारी है। पीड़ित परिवार का दावा है कि दुकानों से जुड़े उनके पास मालिकाना हक के दस्तावेज मौजूद हैं। वहीं दूसरे पक्ष ने भी संपत्ति पर अपना अधिकार जताया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामला दर्ज किया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

Source: Source