धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज को लेकर पलवल जिला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों, बाजारों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर 28 नाके लगाए गए हैं। एसपी दीप्ति गर्ग के निर्देशन में पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान दुकानदारों, व्यापारियों और खरीदारी करने आए लोगों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। पुलिस ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में सिविल ड्रेस में जवान तैनात किए हैं। महिला सुरक्षा के लिए महिला पुलिस और दुर्गा शक्ति की टीमें गश्त कर रही हैं, वहीं जाम से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन और पार्किंग के निर्देश जारी किए हैं। पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक शहर के मुख्य प्रवेश मार्गों, बाजारों, चौराहों और संवेदनशील जगहों पर 28 नाके लगाए गए हैं, जहां संदिग्ध वाहनों और लोगों की 24 घंटे जांच की जा रही है। प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस ने फ्लैग मार्च भी किया। सर्राफा बाजार, आभूषण की दुकानों, बैंकों और एटीएम के आसपास जेबकतरों और उचक्कों पर नजर रखने के लिए सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। महिला सुरक्षा के लिए महिला पुलिस और दुर्गा शक्ति की टीमें बाजारों में गश्त कर रही हैं। त्योहारों पर बाजारों में भीड़ और जाम से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन और पार्किंग संबंधी निर्देश जारी किए हैं। एसपी दीप्ति गर्ग ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोई लावारिस वस्तु दिखाई देने पर उसे न छुएं और संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर नजदीकी पुलिसकर्मी या डायल 112 पर सूचना दें। उन्होंने पटाखों को लेकर सरकारी निर्देशों का पालन करने और अफवाहों या भ्रामक पोस्ट को शेयर न करने की भी अपील की।

Source: Source