पलवल के दीघोट गांव में जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बलराम उर्फ बबली के रूप में हुई है। सदर थाना पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे का फरसा बरामद किया। मामला 19 जून का है, जब आरोपियों ने दुकान पर बैठे दो लोगों पर हथियारों से हमला किया था। शिकायत के अनुसार, आरोपी बलेनो कार में सवार होकर मौके पर पहुंचे थे। हमलावरों ने लोहे के फरसे और अन्य हथियारों से जानलेवा हमला किया था। आरोपियों ने देसी कट्टा दिखाकर पीड़ितों को जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। वारदात में इस्तेमाल बलेनो कार और सह-आरोपी अरुण से पिस्तौल पहले ही बरामद की जा चुकी है। मुख्य आरोपी बलराम को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया था। रिमांड के दौरान उसकी निशानदेही पर फरसा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, बलराम का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है। उसके खिलाफ वर्ष 2013 से अब तक छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

Source: Source