अमृतसर बी-डिवीजन के अंतर्गत आने वाले कोट आत्मा राम इलाके में गाड़ी पार्किंग को लेकर हुए खूनी विवाद में पुलिस ने दोनों पक्षों पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई अस्पताल में उपचाराधीन घायल सुनार जयपाल सिंह के बयानों के आधार पर की गई है। जयपाल सिंह ने रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर तेजिंदर सिंह, उनके बेटों और साथियों पर जान से मारने की नीयत से सीधे गोलियां बरसाने के बेहद संगीन आरोप लगाए हैं। जयपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि वह सुनार का काम करते हैं। 28 मई को उनका बड़ा बेटा करमबीर सिंह अपनी गाड़ी ठीक कराने के लिए कोट आत्मा राम पार्क के सामने एक इलेक्ट्रिशियन के पास गया था। तभी वहां एक कार में रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर तेजिंदर सिंह आए। उन्होंने करमबीर को गाड़ी हटाने को कहा। जब करमबीर ने कहा कि वह मैकेनिक से गाड़ी चेक करवाकर तुरंत चला जाएगा, तो तेजिंदर सिंह तैश में आ गए। जान का खतरा देखकर करमबीर ने अपने छोटे भाई इंदरबीर को फोन किया। इसके बाद जयपाल सिंह अपने छोटे बेटे के साथ मौके पर पहुंचे। जब उन्होंने रिटायर्ड इंस्पेक्टर से बात करनी चाही, तो आरोपी ने पिस्टल से दो फायर कर दिए। जो कूल्हे पर लगे। जयपाल सिंह के अनुसार उन्होंने आत्मरक्षा में अपनी लाइसेंसी पिस्टल से एक हवाई फायर किया। पुलिस का कहना है कि दोनों गुटों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया गया है।

Source: Source