गेवरा दीपका के पीजीडीआरडी छात्रों ने पंचायत सचिव भर्ती में प्राथमिकता की मांग उठाई है। 24 जुलाई 2025 की मार्गदर्शिका में पीजीडीआरडी कोर्स उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को 10 अतिरिक्त अंक देने का प्रावधान था। साथ ही रोजगार सहायक को अनुभव के प्रति वर्ष 1 अंक (अधिकतम 5 अंक) देने का नियम था। इसी नियम के तहत सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और कांकेर में भर्ती प्रक्रिया पूरी हुई। लेकिन 18 मई 2026 को पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय रायपुर ने नई मार्गदर्शिका जारी कर दी। नई गाइडलाइन में पीजीडीआरडी कोर्स को पूरी तरह हटा दिया गया है। अब रोजगार सहायक के अनुभव अंक को बढ़ाकर अधिकतम 15 कर दिया गया है। इससे पीजीडीआरडी अभ्यर्थियों को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। वे अपनी पढ़ाई को बेमानी और खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। अभ्यर्थी दीपक कुमार ने कहा कि सरकार पीजीडीआरडी छात्रों के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मांगें नहीं मानी गईं, तो रायपुर मंत्रालय में हड़ताल की जाएगी।

Source: Source