रतिया क्षेत्र की बेटी डॉ. प्रज्ञा पाठक ने अपनी कला प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मध्य प्रदेश के उज्जैन में आयोजित 68वें अखिल भारतीय कालिदास समारोह-2026 के अंतर्गत राष्ट्रीय कालिदास चित्र एवं मूर्तिकला प्रतियोगिता में उनकी कलाकृति ‘मेघदूत कथा वृत्तांत’ को प्रथम श्रेणी के प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर उन्हें एक लाख रुपए की नकद पुरस्कार राशि और सम्मान-पत्र प्रदान किया गया। यह प्रतियोगिता कालिदास संस्कृत अकादमी, मध्य प्रदेश संस्कृति परिषद की ओर से आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता का विषय महाकवि कालिदास की प्रसिद्ध साहित्यिक रचना ‘मेघदूतम्’ पर आधारित था, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से कलाकारों ने अपनी कलाकृतियां प्रस्तुत कीं। प्रतियोगिता में कुल 247 प्रविष्टियों के माध्यम से 223 चित्र एवं 24 मूर्तियां प्राप्त हुईं। निर्णायक मंडल ने इनमें से पांच उत्कृष्ट कलाकृतियों का पुरस्कार के लिए चयन किया, जिनमें चित्रकला की चार और मूर्तिकला की एक कलाकृति शामिल रही। डॉ. प्रज्ञा पाठक किसान नेता अमन रतिया की धर्मपत्नी हैं। अमन रतिया ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे रतिया क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। डॉ. प्रज्ञा ने सम्मान के लिए कालिदास संस्कृत अकादमी, मध्य प्रदेश संस्कृति परिषद और निर्णायक मंडल का आभार जताया।

Source: Source