फतेहाबाद कोर्ट में ड्यूटी के दौरान एक ASI की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक ASI की पहचान सलिन उर्फ किन्नू के रूप में हुई है। वह रोहतक जिले के महम क्षेत्र के रहने वाले थे। सलिन भिवानी CIA स्टाफ में तैनात थे। बुधवार को वह अपने बेटे के साथ फतेहाबाद कोर्ट में गवाही देने पहुंचे थे। कोर्ट पहुंचते ही उन्हें हार्ट अटैक आया। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उनके बेटे ने परिवार और विभागीय स्टाफ को घटना की सूचना दी। शव का पोस्टमार्टम अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में कराया गया। इसके बाद शव को महम स्थित उनके निवास स्थान लाया गया। शाम करीब 7:30 बजे उनका अंतिम संस्कार किया गया। भिवानी CIA के DSP अनूप सिंह ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। हरियाणा पुलिस की ओर से दिवंगत ASI को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। अंतिम संस्कार में पूर्व सांसद रामचंद्र जांगड़ा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Source: Source