फतेहाबाद के रतिया सिटी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बाइक सवार पर हमला करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुंशीवाली निवासी महावीर उर्फ दाऊद के रूप में हुई है। शिकायत के अनुसार, पीड़ित पवन कुमार अपनी पत्नी और परिवार के साथ दादी के घर जा रहा था, तभी लुहारी चौक के पास आरोपियों ने उसकी बाइक रोक ली। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने डंडों, लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी से हमला किया। इस हमले में पीड़ित और उसके परिजन घायल हो गए। आरोपियों ने वाहन को भी क्षतिग्रस्त किया और मोबाइल फोन छीन लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया है। आरोपी महावीर उर्फ दाऊद को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

Source: Source