पंजाब के फरीदकोट जिले के गांव किंगरा स्थित गुरुद्वारा बाबा शहीद सिंह तप स्थान में एक दर्दनाक हादसा हुआ। हादसे में ग्रंथी मनजिंदर सिंह की करंट लगने से मौत हो गई। मनजिंदर सिंह गुरुद्वारा साहिब में अपने पिता के साथ धार्मिक सेवा निभा रहे थे। घटना के समय वह परिसर में उगी घास की सफाई के लिए मशीन चला रहे थे। बताया गया कि बारिश के कारण जमीन गीली थी, जिससे मशीन में अचानक करंट आ गया। करंट की चपेट में आने से मनजिंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर से गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। ग्रामीण और श्रद्धालु पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। मनजिंदर सिंह गुरुद्वारे की धार्मिक सेवाओं के साथ परिसर की देखभाल भी करते थे। इस हादसे से परिवार को गहरा सदमा पहुंचा है।

Source: Source