हरियाणा सरकार के पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग ने फरीदाबाद वन मंडल में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई के मामले में उप वन संरक्षक और भारतीय वन सेवा के आईएफएस अधिकारी झलकर उइके को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। इस संबंध में विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल की ओर से आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। बुधवार को जारी सरकारी आदेश के अनुसार फरीदाबाद वन मंडल के अंतर्गत आने वाले अलीपुर आरक्षित वन क्षेत्र में पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया था। प्रारंभिक जांच और प्रशासनिक स्तर पर इस मामले में आईएफएस अधिकारी झलकर उइके की गंभीर लापरवाही पाई गई। इसी आधार पर हरियाणा के राज्यपाल ने अखिल भारतीय सेवा (अनुशासन और अपील) नियम, 1969 के नियम 3(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए। निलंबन आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सस्पेंशन की अवधि के दौरान आईएफएस अधिकारी झलकर उइके का मुख्यालय पंचकूला स्थित प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय रहेगा। वे बिना अनुमति के अपना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। इसके साथ ही निलंबन अवधि के दौरान उन्हें अखिल भारतीय सेवा (अनुशासन और अपील) नियम, 1969 के नियम-4 के प्रावधानों के तहत जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। चंडीगढ़ स्थित न्यू हरियाणा सचिवालय से जारी इस आदेश की प्रतियां आवश्यक कार्रवाई और सूचना के लिए संबंधित उच्चाधिकारियों को भेज दी गई हैं। इनमें भारत सरकार के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सचिव, हरियाणा के प्रधान मुख्य वन संरक्षक, प्रधान महालेखाकार और राज्य के पर्यावरण एवं वन मंत्री के कार्यालय शामिल हैं। Source: Source Post navigation सोनीपत में कचरा जलाने और अवैध भट्टियों पर रोक, धारा 163 के तहत आदेश; उल्लंघन पर 5 से 25 हजार रुपये तक जुर्माना पहली बार चंडीगढ़ के DSP को SP रैंक पर पदोन्नति