फिरोजपुर कैंट के नेम वाला चौक में गुरु नानक इलेक्ट्रॉनिक वर्क्स के शोरूम में भीषण आग लग गई। आग शोरूम की दूसरी मंजिल पर अचानक भड़की। आग की लपटों और धुएं से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शोरूम में रखा काफी सामान आग की चपेट में आ गया है। आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। आसपास के दुकानदारों और शोरूम मालिक ने भी शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की। शोरूम मालिक संजीव सचदेवा ने बताया कि उन्हें छत की ओर से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को इकट्ठा कर आग बुझाने का प्रयास किया। दुकान के बाहर हाई वोल्टेज बिजली की तारें होने के कारण फायर ब्रिगेड को चुनौती का सामना करना पड़ा। इसके चलते कर्मचारियों ने सामने वाली इमारत पर चढ़कर तेज दबाव वाली पाइप से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद किया जाएगा।

Source: Source