बठिंडा में पटियाला फाटक के पास शुक्रवार रात एक युवक की खून से लथपथ हालत में मौत हो गई। मृतक की पहचान खेता सिंह बस्ती निवासी मान सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि मान सिंह मोटरसाइकिल पर सवार था। घटना के बाद नगर निगम कर्मचारियों ने मौत के कारणों को लेकर सवाल उठाए हैं। कर्मचारियों के अनुसार मृतक की मोटरसाइकिल टूटी-फूटी हालत में मिली। उसके शरीर, खासकर छाती और गले पर चोट के निशान होने की बात सामने आई है। इन परिस्थितियों के कारण सड़क हादसे की आशंका पर संदेह जताया गया है। निगम कर्मचारियों ने पुलिस से मामले की गहराई से जांच करने की मांग की है। उन्होंने घटनास्थल, बाइक की स्थिति और शरीर पर मिले चोटों के निशानों की जांच की अपील की। कर्मचारियों का कहना है कि यदि मामला दुर्घटना का है तो पुलिस को इसकी वजह स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने निष्पक्ष जांच नहीं होने पर मृतक का अंतिम संस्कार रोकने की चेतावनी दी। साथ ही सरकारी अस्पताल के बाहर धरना देने की बात कही है। सूचना मिलने पर सहारा जन सेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड टीम एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंची। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

Source: Source