बहादुरगढ़ के गांव भापड़ौदा में 32 वर्षीय ओमबीर की ईंट मारकर हत्या कर दी गई। वारदात सोमवार रात पशुबाड़े में दोस्तों के साथ शराब पीने के दौरान हुई। शुरुआती जांच में शराब के नशे में कहासुनी के बाद विवाद बढ़ने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में गांव के ही एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस के अनुसार, ओमबीर खेतीबाड़ी का काम करते थे। विवाद के दौरान एक युवक ने उनके सिर पर ईंट से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद ओमबीर जमीन पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल से हमले में इस्तेमाल की गई ईंट भी बरामद हुई है। झगड़े के दौरान गांव का अमित भी घायल हुआ, जिसका झज्जर के वर्ल्ड मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। आसौदा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस पुरानी रंजिश समेत हत्या की वजह से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पूछताछ के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका भी स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।

Source: Source