ग्रेटर फरीदाबाद में बारिश के दौरान दो स्थानों पर सड़क धंसने के मामले में एफएमडीए ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच में पता चला कि बिल्डरों के ठेकेदारों ने बिना अनुमति सड़क के नीचे पाइप और बिजली की केबल बिछाने के लिए खुदाई की थी। यह कार्य निर्धारित नियमों का पालन किए बिना किया गया था। तकनीकी मानकों के अनुसार सड़क की मरम्मत भी नहीं की गई। लगातार बारिश के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी बह गई और सड़क धंस गई। एफएमडीए की टीम ने सेक्टर-89 के टीडीआई बिल्डर क्षेत्र और सेक्टर-80 के डिस्कवरी पार्क सोसाइटी के बाहर निरीक्षण किया। दोनों स्थानों पर अनधिकृत रोड कटिंग की पुष्टि हुई। कार्यकारी अभियंता के.एस. पठानिया ने कहा कि सरकारी सड़क के नीचे किसी भी प्रकार की पाइपलाइन या केबल डालने से पहले प्राधिकरण की अनुमति लेना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि खुदाई के बाद सड़क को तय मानकों के अनुसार बहाल करना भी जरूरी है। नियमों की अनदेखी से सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचता है और लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ती है। एफएमडीए ने संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस को शिकायत भेजी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। Source: Source Post navigation एमपी में बारिश ने पकड़ी रफ्तार, सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज, आज भी कई जिलों में बरसेंगे बादल