छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेल मंडल में शनिवार को मालगाड़ी का एक वैगन बेपटरी हो गया। यह घटना रेलवे स्टेशन के पास शंकर नगर आरओबी के नीचे डाउन लाइन पर हुई। हादसे के समय मालगाड़ी धीमी गति से चल रही थी, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। वैगन के पटरी से उतरते ही रेलवे की टीम मौके पर पहुंची। इंजीनियरिंग और ऑपरेशन विभाग ने तुरंत सुधार कार्य शुरू किया। प्रभावित ट्रैक को सुरक्षित कर रेल यातायात बहाल करने के प्रयास किए गए। घटना के कारण कुछ ट्रेनों की गति धीमी की गई और संचालन पर असर पड़ा। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यातायात को सामान्य बनाए रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई। वैगन के बेपटरी होने के कारणों की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। ट्रैक, पहियों, सस्पेंशन और अन्य तकनीकी हिस्सों की जांच की जा रही है। रेलवे की दुर्घटना राहत टीम मौके पर वैगन हटाने और ट्रैक सुधारने में जुटी रही। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।

Source: Source