चंबा जिले के भरमौर में खराब गैहरा-मरौर सड़क को लेकर ग्रामीणों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम लगाया। प्रदर्शन में पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग शामिल हुए। ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल स्थिति और लगातार हो रहे हादसों पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि सड़क लंबे समय से खराब है और लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार इस मार्ग पर हुए हादसों में अब तक करीब आधा दर्जन लोगों की मौत हो चुकी है। गुरुवार को भी गैहरा-मरौर सड़क पर एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। हादसे में एक महिला की मौत हुई थी, जबकि तीन लोग घायल हुए थे। प्रदर्शन की सूचना पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर सड़क सुधार के लिए सात दिनों के भीतर जरूरी कदम उठाने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने धरना और चक्का जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने अधिकारियों को सड़क के खराब हिस्सों की वास्तविक स्थिति दिखाई। ग्रामीणों का दावा है कि सड़क का निर्माण कार्य वर्ष 1977 से चल रहा है, लेकिन यह अब तक पूरी तरह तैयार नहीं हुई है।

Source: Source